#शादी का वादा कर किया दुष्कर्म, पंचायत में लड़की अपनाने की शर्त पर तैयार हुए स्वजन, निकाह के दिन भाग गया दूल्हा#

मेरठ जिले में युवक युवती से पांच माह से बातचीत कर रहा था। 15 दिन पहले बहाने से अपने घर बुला लिया। शादी करने का झांसा देकर उससे दुष्कर्म किया। युवती ने इसकी जानकारी घर पहुंचकर मां को दी। युवती के पिता ने युवक के स्वजन से शिकायत की तो पहले उन्होंने इन्कार कर दिया था। इसके बाद दोनों पक्षों की पंचायत हुई, जिसमें आठ अप्रैल को निकाह की बात तय हुई थी।
सप्ताह भर पहले लड़के पक्ष ने 11 अप्रैल को निकाह करने के लिए कहा। लड़की पक्ष के घर में पूरी तैयारी हो गई थी। मंगलवार को दूल्हा, उसका पिता और चार-पांच लोग लड़की के घर पहुंच गए। आरोप है कि युवक ने दहेज में बाइक की मांग कर दी, जिसके बाद हंगामा हो गया। बात बढ़ने पर युवक और उसके स्वजन भाग गए।

लड़की ने खा लिया विषाक्त पदार्थ
लड़की को पता चला तो उसने घर में रखा जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया। तबीयत में सुधार होने पर स्वजन देर रात लड़की को लेकर लिसाड़ी गेट थाने पहुंचे और तहरीर दी। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।