


आजमगढ़ : शनिवार को दोपहर में सरायमीर थाना के पेन्डरा में अंजलि 20 वर्ष पत्नी विक्रम राम ने छत के चुल्ले में फांसी लगा आत्महत्या कर ली। मिली जानकारी के मुताबिक पड़ोसी महिला किसी काम से अंजलि के घर पहुंची थी तब दरवाजा खुला था। महिला घर में घुसी तो अंजलि को फांसी लटकी देख सन्न रह गई। महिला ने शोर मचाया। लोगों ने पति को सूचना दिया। ग्रामीणों के अनुसार पति विक्रम अपने काम से सरायमीर बाजार में था। विक्रम के पिता लाल बहादुर ठेला चलाता है।मृतक अंजलि की सास मंडई के लिए सरपत काटने गई थी। घर पर कोई भी नहीं था। अंजली की शादी लगभग डेढ़ वर्ष पूर्व हुई थी। अंजलि और विक्रम में प्रेम विवाह हुआ था। अंजलि की एक बहन इसी के घर के बगल में ब्याही हुई है। उसी के चलते अंजलि और विक्रम में संपर्क हुआ। इसके बाद प्रेम विवाह हुआ। मायका दीदारगंज थाना क्षेत्र के ईसापुर फूलपुर में है। सूचना पाकर मायके के लोग घर पर पहुंच चुके थे समाचार लिखे जाने तक थाने में कोई तहरीर नहीं दिया गया था। मौके पर पुलिस पहुंच चुकी थी। शव को अपने कब्जे में ले लिया था। इस संबंध में इंस्पेक्टर सरायमीर अनिल सिंह ने बताया कि अभी तक किसी तरफ से कोई तहरीर नहीं पड़ी है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।

