#घर में घुसकर बदमाशों ने किशोर को मारा चाकू, भूमि विवाद बताया जा रहा वारदात का कारण#

आजमगढ़ जिले के कटात चक कटात गांव में रविवार रात एक व्यक्ति के घर में धुसकर बदमाशों ने किशोर को चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात से परिजनों में कोहराम मच गया
आजमगढ़ जिले के कटात चक कटात गांव में रविवार रात एक व्यक्ति के घर में धुसकर बदमाशों ने किशोर को चाकू से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। वारदात से परिजनों में कोहराम मच गया। गंभीर रूप से घायल किशोर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

मेंहनगर थाना क्षेत्र के कटात चक कटात गांव निवासी मुन्ना (16) पुत्र मानिक राज यादव रविवार रात अपने घर पर मौजूद था। देर रात तीन बाइक से छह बदमाश आए और घर में घुस गए। सो रहे मुन्ना पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इसके अलावा उसकी मंडई को भी बदमाशों ने गिरा दिया।

चाकू लगने से घायल मुन्ना लहुलुहान होकर बेहोश हो गया था। जबतक लोग मौके पर जुटते तबतक हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही मेंहनगर थाना पुलिस के अलावा सीओ सिटी शैलेंद्र लाल भी मौके पर पहुंचे और जांच पड़ताल किया। घायल मुन्ना को तत्काल एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेज कर भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत अभी गंभीर बनी हुई है। घटना को लेकर गांव में आक्रोश व्याप्त है। घटना के पीछे कारण भूमि विवाद बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत कर जांच पड़ताल में जुट गई है।