#आगरा में 18 घंटे से लापता किशोरी से दर‍िंंदगी, मृत समझ जंगल में फेंका, चेहरे पर चोट और गला दबाने के निशान#

सिकंदरा थाना क्षेत्र के मागरौल गूर्जर के जंगल में शुक्रवार को 14 वर्षीय किशोरी अर्धबेहोशी की हालत में मिली। होली मिलने निकली किशोरी 18 घंटे से लापता थी। उसके चेहरे पर चोट और गला दबाने के निशान हैं। अनुमान है कि आरोपित उसे मृत समझकर जंगल में फेंक गए।
स्वजन उसे गुरुवार की शाम से तलाश रहे थे। किशोरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस उसके होश में आने की प्रतीक्षा कर रही है। जिससे कि उसके साथ हुई घटना के बारे में जानकारी कर सके। सिकंदरा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली 14 वर्षीय किशोरी गुरुवार की दोपहर घर से होली मिलने की कहकर निकली थी।

वह घर नहीं आई तो स्वजन को लगा कि गांव में किसी रिश्तेदार के यहां होगी। शाम छह बजे तक किशोरी घर नहीं आई तो स्वजन को चिंता हुई। उन्होंने किशोरी को खोजना शुरु किया। उसे अपने स्तर से तलाश करते रहे। सुराग नहीं मिला। स्वजन शुक्रवार की सुबह पुलिस के पास जाने की तैयारी कर रहे थे। इधर, शुक्रवार की सुबह किशोरी को कुछ होश आया।

वह घायल हालत में जंगल से किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंची। वहां से गुजरते एक राहगीर की मदद मांगी। उसे अपने स्वजन का मोबाइल नंबर देकर फोन कराया। जिस पर स्वजन गांव वालों के साथ मौके पर पहुंच गए। किशोरी को घायल हालत में किशोरी को थाने लेकर पहुंचे। पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी। जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया। किशोरी के चेहरे पर चोट और गला दबाने के निशान हैं। जिससे उसके साथ अनहोनी की आशंका है।