मर्डर की खौफनाक कहानी: गाजियाबाद में 3 साल पुरानी खुन्नस में दोस्त की हत्या, गला काटकर नहर में फेंका शव

मुरादनगर के डिडौली गांव में 22 जनवरी को लापता हुए कृष्ण के शव को पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर गोताखोरों की मदद से सौंदा गंग नहर पुल के पास से बरामद कर लिया। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।

22 जनवरी को हुआ था लापता
पुलिस के मुताबिक, तीन साल पुरानी मारपीट की खुन्नस में दोस्त ने ही अपने साथियों के साथ मिलकर कृष्ण की हत्या कर दी थी। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त बाइक, बलकटी बरामद कर ली है। गौर हो कि 22 जनवरी 2023 को डिडौली गांव का कृष्ण संदिग्ध परिस्थिति में लापता हो गया था। कई दिन तक परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की। इसके बाद परिवार के लोगों ने 24 जनवरी को मुरादनगर थाने में मोनू, सुमित समेत अन्य के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपितों के घर की तलाशी ली थी। जिसमें कृष्ण के जूते पुलिस ने बरामद किए थे। इसके बाद परिवार और पुलिस का संदेह गहरा गया था। एसीपी निमिष पाटिल ने बताया कि पुलिस ने मामले में डिडौली गांव के ही मोनू और सुमित को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की थी।

सोची समझी साजिश के तहत हत्या
आरोपितों ने पुलिस को बताया था कि उन्होंने सोची समझी साजिश के तहत कृष्ण की गला घोटकर पहले हत्या कर दी। इसके बाद उन्होंने बलकटी से उसकी गर्दन काट दी थी और शव को बोरे में बंद कर गंग नहर में पत्थर बांधकर डाल दिया था। ताकि कई दिन बाद भी शव ऊपर न आ सके।

एसीपी ने बताया कि तीन साल पहले आरोपित सुमित उर्फ छोटू के पिता अनिल व मृतक के कृष्ण में आपसी कहासुनी हो गई थी। इसमें अनिल को चोट लगी थी। इसके बाद से ही छोटू कृष्ण से खुन्नस रखने लगा था। वह पहले भी कई बार कृष्ण की हत्या करने की योजना बना चुका था। लेकिन मौका नहीं मिलने के कारण वह असफल रहा।

पहले कृष्ण को पिलाई शराब
22 जनवरी को उसने अपने साथी मोनू व पुनीत के साथ मिलकर पहले कृष्ण को शराब पिलाई। नशे में धुत होने के बाद उन्होंने गला घोट दिया और बल कटी से उसकी गर्दन काट कर इस घटना को अंजाम दिया। गोताखोरों की मदद से शव की तलाश कई दिन से चल रही थी। पुलिस ने आरोपितों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बाइक, बलकटी आदि साक्ष्य बरामद कर लिए हैं। शव को पोस्टमार्टम को भेज दिया गया है। आरोपितों को कोर्ट में पेश किया जाएगा