आठवीं की छात्रा को डंडे से पीटने पर शिक्षिका निलंबित, पिता ने डीएम से जनता दर्शन में की शिकायत

पूर्व माध्यमिक विद्यालय मोहरैना, चंडौस में छात्राओं को डंडे से पीटने के प्रकरण में शिक्षिका को निलंबित कर दिया गया है। छात्राओं के पिता राजकुमार ने इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी के जनता दर्शन में की थी। जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बीएसए सतेंद्र कुमार ढाका को जांच कराने के आदेश दिए गए थे। जांच में शिक्षिका को दोषी मिली।

बीएसए सतेंद्र कुमार ढाका ने बताया कि पूर्व माध्यमिक विद्यालय मोहरैना चंडौस की सहायक अध्यापिका पार्वती शर्मा पर छात्रा साक्षी व सरोज को डंडे से पीटने के आरोप थे। खंड शिक्षाधिकारी खैर को जांच सौंपी गई। इसमें कक्षा छह में पढ़ने वाली छात्रा सरोज को कान पर थप्पड़ मारने और आठवीं की छात्रा साक्षी को डंडे से पीटने की पुष्टि हुई।

ट्रांसफर के बाद भी ग्रहण नहीं किया कार्यभार
शिक्षिका ने स्थानांतरण होने के बावजूद विद्यालय में कार्यभार ग्रहण नहीं किया है। उच्चाधिकारियों के आदेश न मानने, अध्यापक सेवा नियमावली का उल्लंघन करने पर का भी शिक्षिका को दोषी पाया गया है। उपस्थिति के लिए इनको पूर्व माध्यमिक विद्यालय जलोखरी चंडौस में संबद्ध किया गया है।