रांची में दर्दनाक हादसा

*छत पर तिरंगा झंडा ठीक करने गया था युवक,*
*करंट की चपेट में आने से तीन भाई- बहनों की मौत*

रांची: झारखंड की राजधानी रांची के कांके थाना क्षेत्र के अरसंडे में एक ही परिवार के तीन भाई-बहनों की 11 हजार वोल्ट के नंगे तार की चपेट में आने से माैत हो गई।
घटना रविवार की देर शाम की है। संध्या 7.30 बजे के आसपास विनीत कुमार झा अपने घर के छत पर लगे तिरंगा झंडा को ठीक करने गया था। आंधी-पानी में तिरंगा झंडा गिर गया था। जैसे ही विनीत झंडा ठीक करने लगा हवा की झोंका में लोहे का पाइप छत से दो फीट की दूरी से गुजर रहे बिजली के तार से सट गया। पलक झपकते ही विनीत की मौत हो गई। वहीं, झंडे का पाइप सटने से पूरे घर में बिजली करंट दौर गया। इससे आंगन में खड़ी दो चचेरी बहनों पूजा कुमारी और आरती भी करंट के चपेट में आ गई। आंगन में ही दोनों बहनों की सांसे छूट गई। जिस समय घटना घटी घर में सिर्फ महिलाएं ही थी। संयोग से अन्य सदस्य पलंग व चौकी पर थे। इस कारण बिजली की चपेट में आने से बच गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर बिजली सप्लाई बंद किया गया। आसपास के लोगों ने आंगन में बेसुध पड़ी दोनों बहनों को नजदीक के निजी अस्पताल ले गए जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, देर रात तक युवक का शव छत पर ही पड़ा रहा। घटना शाम में घटी जबकि रात 12 बजे तक बिजली विभाग के स्टाफ मौके पर नहीं पहुंचे थे। डर से किसी की हिम्मत छत पर जाने की नहीं हो रही थी।
इधर घटना की सूचना पर कांके बीडीओ शिलबंत कुमार भट्ट, कांके थाना के प्रभारी बृज कुमार मौके पर पहुंचकर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। कांके थाना प्रभारी खुद बिजली विभाग के कर्मी को फोन कर बिजली तार से सटे झंडे का पाइप हटाने को कहा। थानेदार के कड़ाई से कहने के बाद बिजली विभाग के कर्मचारी सक्रिय हुए।