जौनपुर के 1.5 लाख घरों में तिरंगा लगाने की योजना को मूर्त रूप देगी भाजपा: राकेश त्रिवेदी

जिला- जौनपुर।

संवाददाता -कमलेश मौर्या

आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर भाजपा का हर घर तिरंगा अभियान

भाजपा के सभी सातों मोर्चे निकालेंगे तिरंगा यात्रा, जनजागरण हेतु निकाली जाएगी प्रभात फेरी: पुष्पराज सिंह

जौनपुर 26 जुलाई : भाजपा ने आजादी के अमृत महोत्सव के अवसर पर हर घर तिरंगा अभियान के तहत पुरे देश में 20 करोड़ घरो पर तिरंगा लगाने की योजना बनाई है। वही उत्तर प्रदेश के 1 लाख गांव के 3 करोड़ घरो में उत्तर प्रदेश में योगी सरकर एवं भाजपा मिलकर तिरंगा लगाने का कार्य करेगी।

इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी के सीहीपुर स्थित कार्यालय में जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक हुई। इसमें मुख्य वक्ता के रूप में जिला प्रभारी पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश त्रिवेदी मुख्य रूप से उपस्थित थे। सर्वप्रथम मुख्य अतिथि राकेश त्रिवेदी एवं जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पण्डित दीन दयाल उपाध्याय के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम की शुभारम्भ की गई।

मुख्य अतिथि जिला प्रभारी राकेश त्रिवेदी ने पदाधिकारियों को बताया कि हर घर तिरंगा योजना के तहत 9 अगस्त क्रांति दिवस से 7 दिन तक इस अभियान के निमित्त प्रचार प्रसार किया जाएगा।कार्यक्रम की शत प्रतिशत सफलता के लिए जिले में एक संयोजक एक सहसंयोजक एक आईटी पदाधिकारी 3 लोगों की टीम बनाई जा रही है। इसी प्रकार मंडल में 3 लोगों की टीम तथा शक्ति केंद्र में एक संयोजक, बूथ पर एक संयोजक तिरंगा अभियान हेतु बनाए जा रहे है।

मुख्य अतिथि ने बताया कि प्रचार प्रसार की दृष्टि से सभी जनप्रतिनिधियों को लगाया गया है। साथ ही युवा मोर्चा, महिला मोर्चा, किसान मोर्चा, पिछड़ा मोर्चा सहित पार्टी के सभी मोर्चो द्वारा 9 तारीख से 11 तारीख कस्बा, बाजारों में और शहरों में तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी जिसमें आगे आगे डीजे जिसमें रघुपति राघव राजा राम एवं वंदे मातरम धुन बचता रहेगा 11 तारीख से 13 तारीख तक प्रभात फेरी गांव-गांव और शहरी क्षेत्र में वार्डो में निकाली जाएगी। तिरंगा हाथ में लेकर 9 तारीख से 15 तारीख के बीच भाजपा नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा महापुरुषों की मूर्ति पर स्वच्छता के साथ ही पुष्प चढ़ाने का कार्य होगा। 13 अगस्त से 15 अगस्त तक हर घर झंडा लगाने का कार्य शुरू होगा घरों में सबसे छोटे बच्चे द्वारा झंडा लगाने का कार्य सेल्फी के साथ सोशल मीडिया पर लोड करने के आग्रह के साथ किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष पुष्पराज सिंह ने कहा कि तिरंगा हमारे देश की आन, बान और शान है तथा प्रत्येक नागरिक को इसका सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पदाधिकारी अपने-अपने मंडलों में बूथ स्तर पर जाकर हर घर में तिरंगा लगवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने बताया कि तीन दिनों तक सभी मंडलों में प्रभात फेरियां भी निकाली जाएंगी। उन्होंने कहा कि तिरंगे के सम्मान में कोई कार्य करना बड़े गर्व की बात होती है इसलिए प्रत्येक कार्यकर्ता व पदाधिकारी इस काम को बड़ी ही जिम्मेदारी के साथ निभाएं।