आजमगढ़ : सोते समय गर्भवती महिला को गोलियों से भूना

– पति की तहरीर पर 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज
– महाराजगंज थाना क्षेत्र के अराजी अमानी गांव की घटना

आजमगढ़ । महाराजगंज थाना क्षेत्र के अराजी अमानी गांव में रविवार की आधी रात को घर में घुसकर हमलावरों ने चारपाई पर सो रही गर्भवती महिला को गोलियों से भून डाला। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर फरार हो गए। पति की तहरीर पर पुलिस ने 5 लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना की जांच पड़ताल में पुलिस जुटी हुई है।
अराजी अमानी गांव निवासी संत विजय यादव की पत्नी अंतिमा देवी रविवार की रात घर के गलियारे में सो रही थी। परिजन का कहना है कि रात लगभग 2 बजे चार की संख्या में घर में घुसे हमलावरों ने चारपाई पर सो रही अंतिमा देवी को ताबड़तोड़ गोली मार दी। घटना को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। गोली से घायल अंतिमा को परिवार के लोग एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचे। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हत्या की खबर मिलते ही महाराजगंज समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई।

पोस्टमार्टम हाउस पर आए मृत अंतिमा के पति संत विजय यादव ने कहा कि उसके पिता श्रीराम यादव को 21 मई की रात में हमलावरों ने गोली मारी थी। गंभीर रूप से घायल श्री राम को जिला अस्पताल में भर्ती कराया था गया था। इलाज के दौरान वे ठीक हो गए थे। संत विजय का आरोप है कि प्रधान व कुछ अन्य लोगों से पुरानी रंजिश चल रही है। इसी अदावत को लेकर उसके पिता पर भी हमला हुआ था और पत्नी की भी गोली मार हत्या कर दी गई है। संत विजय यादव की तहरीर पर पुलिस ने गांव के निवासी तहसीलदार यादव, चंद्रशेखर यादव, उपेंद्र यादव, मोहम्मद तोहा व शीला देवी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कर लिया है। महाराजगंज थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की छानबीन की जा रही है।