मड़ई में लगी आग,गृहस्थी जली

आजमगढ़। बरदह थाना क्षेत्र के इसहाकपुर गांव निवासी चार परिवारों के रिहायशी मंडईयों में बृहस्पतिवार को अज्ञात कारणों के चलते आग लग गई। जब तक आग पर काबू पाया जाता तब तक मंडईयों में रखे गृहस्थी के सारे सामान जल कर खाक हो गए।ग्रामीणों ने अथक प्रयास कर आग पर काबू पाया। अगलगी की इस घटना में चार बकरियों की जल कर जहां मौत हो गई तो वहीं आग बुझाने के दौरान दंपत्ति झुलस भी गए। इसहाकपुर गांव निवासी निरंजन राजभर पुत्र लालसा राजभर, मनोज राजभर, रंजू राजभर व उमा देवी कच्ची दीवार पर मंडई डाल कर रहते है। इन चारों की रिहायशी मंडई में इनका पूरा परिवार रहता था।

बृहस्पतिवार की सुबह अज्ञात कारणों से मंडई में आग लग गई। कुछ ही देर में आग भयावह हो गई। जिससे मंडई में रखा चारों परिवारों के गृहस्थी का सारा सामान जल कर खाक हो गया। इतना ही नहीं मंडई में बंधी चार बकरियां भी जलकर मर गई।

निरंजन व उसकी पत्नी मनोरमा आग बुझाने के दौरान झुलस भी गए। पीड़ित परिवार व आसपास के लोगों की मदद से किसी तरह आग पर काबू पाया गया। पूर्व प्रधान रामअवध व आरक्षी सुनील सिंह व विपिन सिंह ने अपने स्तर से पीड़ित परिवार को खाने पीने का सामान उपलब्ध कराया है। इस बाबत तहसील प्रशासन को घटना की जानकारी दे दी गई है।