#उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर डीएम-एसएसपी ने किया केंद्रों का निरीक्षण#

आजमगढ़। उत्तर प्रदेश उपनिरीक्षक भर्ती परीक्षा-2026 को निष्पक्ष व सकुशल सम्पन्न कराने के लिए रविवार को जिलाधिकारी रविंद्र कुमार व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने जनपद के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
इस दौरान अधिकारियों ने थाना कोतवाली क्षेत्र के एसकेपी इंटर कॉलेज पांडे बाजार तथा थाना कंधरापुर क्षेत्र स्थित गांधी गुरुकुल इंटर कॉलेज समेत अन्य परीक्षा केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान परीक्षा व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, प्रवेश प्रक्रिया तथा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी का गहनता से अवलोकन किया गया। अधिकारियों ने संबंधित केंद्र व्यवस्थापकों व ड्यूटी में लगे कर्मियों को निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और शुचितापूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया जाए।