#आजमगढ़ जिला पंचायत की बैठक में एक अरब से अधिक का बजट पास, सदस्यों ने उठाए क्षेत्रीय मुद्दे#

आजमगढ़। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव की अध्यक्षता में शनिवार को नेहरू हाल सभागार में जिला पंचायत की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्रीय समस्याओं को लेकर जिला पंचायत सदस्य काफी मुखर नजर आए। कई सदस्यों ने ठेकेदारों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए विभिन्न विकास कार्यों में पारदर्शिता और समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए एक अरब रुपये से अधिक के बजट को सदस्यों ने स्वीकृति प्रदान की। जिला पंचायत की जारी विज्ञप्ति के अनुसार जनप्रतिनिधियों ने जनपद स्तरीय अधिकारियों से विद्युत विभाग, शिक्षा विभाग, लोक निर्माण विभाग समेत विभिन्न विभागों में संचालित योजनाओं के संबंध में विस्तृत चर्चा की। जिला पंचायत सदस्य पप्पू कुमार यादव ने ककरहटा-कोल संपर्क मार्ग की खराब स्थिति का मुद्दा उठाते हुए उसकी शीघ्र मरम्मत कराने की मांग की। वहीं सदस्य हरिकेश यादव ने कुछ ठेकेदारों पर गुंडई और मनमाने ढंग से कार्य कराने का आरोप लगाया। सदस्य आशीर्वाद यादव ने पूर्व में हुए टेंडर को निरस्त कर पुनः नया टेंडर जारी करने की मांग सदन में रखी। बैठक में विस्तृत चर्चा के बाद जिला पंचायत आजमगढ़ का पुनरीक्षित बजट वर्ष 2025-26 के लिए आय 9987.72 लाख रुपये तथा व्यय 6919.30 लाख रुपये बताया गया। वहीं वित्तीय वर्ष 2026-27 के मूल बजट में आय 10517.29 लाख रुपये और व्यय 10279.75 लाख रुपये का प्रस्ताव सदन ने सर्वसम्मति से अनुमोदित किया। इसके अलावा पंचम राज्य वित्त आयोग और 15वें वित्त आयोग की योजना वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना को भी मंजूरी दी गई। जिला पंचायत की संपत्ति एवं विभवकर सूची वर्ष 2025-26 तथा मनरेगा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के वार्षिक श्रम बजट का भी अनुमोदन सदन द्वारा किया गया। बैठक के अंत में जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव ने सभी सदस्यों और अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विधायक दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक अखिलेश यादव, अपर मुख्य अधिकारी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।