


दरभंगा के सिंहवाड़ा में शुक्रवार की देर रात बदमाशों ने एसबीआई के एटीएम को काटकर चोरी करने की कोशिश की। हालांकि, इसमें चोरों को कितनी सफलता मिली, यह अब तक साफ नहीं हो सका है।
सूचना पर पहुंचे बैंक के अधिकारी और संबंधित एजेंसी के प्रतिनिधि पुलिस की मदद से पूरे मामले की पड़ताल में जुटे हैं। बताया जाता है कि शनिवार की सुबह जब कुछ लोग एटीएम से रुपये की निकासी करने गए, तो एटीएम के नीचे कैश बाक्स खुला हुआ मिला, जो गैस कटर से कटा हुआ पाया गया। यह देख लोगों ने हल्ला किया। इसके बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना पर सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार सदल पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। आस-पास के सीसी कैमरे के फुटेज को खंगाला। इसमें बदमाशों की करतूत कैद पाई गई। देखा जा रहा है कि लाल शर्ट पहने बदमाश अपने चेहरे पर बंदर का मुखौटा और हाथ में ग्लब्स लगाकर एटीएम को काट रहा है।

एटीएम खोलने की कोशिश। फोटो जागरण
उधर, बैंक की ओर से बताया गया कि शुक्रवार को एटीएम के अंदर 21 लाख रुपये थे। हालांकि, वर्तमान की स्थिति क्या है यह जांच से ही स्पष्ट होगा। थानाध्यक्ष ने बताया कि पूरे मामले की जांच चल रही है। बहुत जल्द मामले का पर्दाफाश कर दिया जाएगा।
