


चौकी को ग्रामीणों ने घेरा, पुलिस के पहुंचने से पहले ही महिला को बाइक पर बैठाकर भागा सिपाही

रहरा (अमरोहा)। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जनपद में खाकी को शर्मसार करने वाला एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। रहरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत निर्माणाधीन हाकमपुर पुलिस चौकी में सोमवार रात एक सिपाही के विवाहिता महिला के साथ पहुंचने पर ग्रामीणों ने चौकी को घेरकर हंगामा कर दिया। मामले की सूचना मिलते ही थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष ने सिपाही के खिलाफ कार्रवाई के लिए आला अधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है। जानकारी के अनुसार रहरा थाने की नवनिर्मित हाकमपुर पुलिस चौकी अभी निर्माणाधीन है और इसका आधिकारिक उद्घाटन भी नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि यहां पहले तैनात रहा एक सिपाही, जिसका कुछ दिन पहले ही तबादला डायल 112 में हो गया था, सोमवार रात करीब नौ बजे एक विवाहित महिला को लेकर चौकी पर पहुंच गया। गांव के पास स्थित इस चौकी में रात के समय सिपाही की मौजूदगी ग्रामीणों को संदिग्ध लगी। ग्रामीणों को जैसे ही पता चला कि सिपाही चौकी के भीतर एक महिला के साथ है, दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सिपाही स्वयं विवाहित होने के बावजूद एक अन्य महिला के प्रेम संबंध में है और उसे अक्सर इस सुनसान चौकी पर लेकर आता है। हंगामे की सूचना पर रहरा थाने से लैपर्ड पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी ग्रामीणों से घटना की जानकारी ले ही रहे थे कि इसी बीच मौका पाकर आरोपी सिपाही अपनी बाइक स्टार्ट कर महिला को पीछे बैठाकर मौके से फरार हो गया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो कुछ ग्रामीणों ने अपने मोबाइल फोन में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ग्रामीणों को चौकी के बाहर हंगामा करते हुए देखा जा सकता है, जबकि सिपाही पुलिस की मौजूदगी में ही महिला को बाइक पर बैठाकर निकल जाता है। हालांकि पुलिस प्रशासन का कहना है कि वायरल वीडियो की तकनीकी जांच कराई जा रही है। रहरा थानाध्यक्ष बृजेश कुमार ने बताया कि मामला संज्ञान में है और सिपाही की गतिविधि अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती है। उन्होंने बताया कि सिपाही के खिलाफ विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर जिला मुख्यालय और उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। ग्रामीणों ने आरोपी सिपाही के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
