#मुंबई में मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरने से एक की मौत और तीन घायल, चपेट में कई गाड़ियां#

उत्तर-पूर्वी मुंबई के मुलुंड इलाके में आज एक बड़ा हादसा हो गया, जहां निर्माणाधीन मेट्रो रेल के पिलर का एक हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर गया। जिसके नीचे कई गाड़ियां दब गई हैं। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हैं।

फायर ब्रिगेड के एक अधिकारी ने बताया कि शनिवार दोपहर को नॉर्थ-ईस्ट मुंबई के मुलुंड में एक अंडर-कंस्ट्रक्शन मेट्रो रेल रूट के पिलर का एक हिस्सा गिरने से तीन से चार लोगों के घायल होने की आशंका है। अधिकारी ने बताया कि यह घटना दोपहर करीब 12:20 बजे जॉनसन एंड जॉनसन फैक्ट्री के सामने LBS रोड पर हुई।

  • मुलुंड में निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का हिस्सा गिरने से कई गाड़िया दबी।
  • निर्माणाधीन मेट्रो पिलर का सीमेंट का एक हिस्सा अचानक टूटकर गिर गया।
  • मौके पर फायर ब्रिगेड, पुलिस और मेट्रो टीम राहत-बचाव में जुटी।
  • ऑटोरिक्शा में सवार 3-4 लोगों के घायल होने की संभावना है।

उन्होंने कहा, “पिलर का एक सीमेंट स्लैब टूटकर नीचे एक ऑटोरिक्शा पर गिर गया, जिससे थ्री-व्हीलर (ऑटोरिक्शा) पूरी तरह से चकनाचूर हो गया। इस घटना में तीन से चार लोगों के घायल होने की आशंका है। फायर ब्रिगेड और पुलिस के लोग, साथ ही मेट्रो रेल रूट (लाइन 4) बनाने वाली फर्म के कर्मचारी घटना के बाद के ऑपरेशन पर नजर रखने के लिए मौके पर हैं।”

क्या बोली BMC?

हादसे को लेकर BMC का कहना है, “आज दोपहर 12.20 बजे जॉनसन एंड जॉनसन कंपनी, LBS रोड, मुलुंड (W) के पास मेट्रो पिलर का एक हिस्सा गिर गया। कंस्ट्रक्शन के दौरान, सीमेंट मेट्रो पिलर का एक हिस्सा टूटकर एक रिक्शा पर गिर गया। मुंबई फायर ब्रिगेड, पुलिस, मेट्रो स्टाफ, वार्ड स्टाफ और 108 एम्बुलेंस सर्विस मौके पर मौजूद हैं। डिटेल्स का इंतजार है।”