#रामपुर में हत्या और लूट मामले में महिला की संलिप्तता की आशंका, सीसीटीवी फुटेज ने मामले को दिया नया मोड़#



रामपुर। टांडा मुहल्ला नज्जुपुरा निवासी वृद्ध महिला रफत शाहीन की लूट के बाद गला घोंटकर हत्या के मामले में एक महिला की संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज ने इस मामले को नया मोड़ दे दिया है।
बताया जा रहा है कि घटना के समय मृतका के घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कई महिलाएं आती-जाती दिखाई दी हैं। लेकिन इनमें से एक महिला की फुटेज इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रही है। उसकी गतिविधियां सबसे अधिक संदिग्ध प्रतीत हो रही हैं।
फुटेज में उक्त महिला गली से तेज चाल में निकलती हुई दिखाई दे रही है। उसके हाव-भाव और चाल से यह अंदाज़ा लगाया जा रहा है कि वह काफी घबराई हुई थी और जल्दबाज़ी में वहां से निकल रही थी।

पुलिस ने शक के आधार पर पड़ोस में रहने वाली एक महिला के घर की भी तलाशी ली है। बताया गया है कि संदिग्ध महिला का पति बाहर रहता है और घटना के समय वह घर पर अकेली थी। पुलिस ने उसके घर का ताला खुलवाकर अंदर जांच की, हालांकि अभी तक कोई ठोस सबूत बरामद होने की पुष्टि नहीं की गई है।
इस मामले में मुहल्ले के कई लोगों ने भी उसी महिला पर संदेह जताया है। वहीं मृतका रफत शाहीन के भाई ने भी पुलिस से स्पष्ट रूप से उसी पड़ोसी पर आशंका व्यक्त करते हुए गहन पूछताछ की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि घटना के बाद से संदिग्ध महिला का व्यवहार भी असामान्य लग रहा है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है।
