


गोरखपुर। गीडा के पेवनपुर गांव के सिवान में शनिवार सुबह 30 वर्षीय युवक का शव मिला। चाकू से गोदकर हत्या करने के बाद शव को फेंका गया था। फोरेंसिक और डाग स्क्वाड टीम के साथ पहुंची गीडा थाना पुलिस पहचान की कोशिश में जुटी है।
सुबह सात बजे खेत की ओर जा रहे ग्रामीणों ने सिवान में युवक का शव देखा। पास जाने पर खून से सना शरीर और गर्दन व पेट पर गहरे घाव देखकर डायल 112 नंबर पर सूचना दी। फोरेंसिक और डाग स्क्वाड टीम के साथ गीडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक के शरीर पर कई जगह चाकू से वार किए गए हैं। गले और पेट पर किए गए हमले जानलेवा थे। घटनास्थल पर संघर्ष के निशान भी मिले हैं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि हत्या से पहले युवक और हमलावरों के बीच हाथापाई हुई होगी।

शव के पास कंडोम का पैकेट मिला जिसे पुलिस ने कब्जे में लिया है। फोरेंसिक टीम ने खून के नमूने, मिट्टी और अन्य साक्ष्य एकत्र किए। डाग स्क्वाड के जरिए सुराग जुटाने की कोशिश की गई।
हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका। एसपी उत्तरी ज्ञानेंद्र कुमार ने बताया शव की पहचान नहीं हो पायी है। आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट खंगाली जा रही है।पहचान होने के बाद ही हत्या के पीछे की वजह और आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिलेगी।
