#सीएम योगी के गढ़ गोरखपुर में पुलिस की वर्दी पहनकर दिनदहाड़े 9.50 लाख की लूट, घंटाघर इलाके में मचा हड़कंप#



गोरखपुर। शहर के सबसे व्यस्त और सुरक्षित माने जाने वाले घंटाघर क्षेत्र में शुक्रवार को दिनदहाड़े पुलिस की वर्दी का दुरुपयोग कर 9.50 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। इस घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया, वहीं पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। जानकारी के अनुसार पीपीगंज निवासी आभूषण व्यापारी बलिराम जायसवाल की घंटाघर इलाके में ‘आरसी आर्नामेंट’ नाम से दुकान है। शुक्रवार सुबह करीब 11:15 बजे व्यापारी का कर्मचारी संजय पाल दुकान से 9 लाख 50 हजार रुपये नकद लेकर गीता प्रेस रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में जमा करने के लिए निकला था। संजय अभी मुंबई क्लॉथ हाउस के पास, कालीबाड़ी मंदिर के नजदीक ही पहुंचा था कि तभी पुलिस की वर्दी की पैंट और जैकेट पहने एक अज्ञात व्यक्ति ने उसे रोक लिया।

