मऊ जिले के कोपागंज नगर पंचायत के भरत मिलाप स्थित आभूषण की दुकान से 5:55 मिनट में महिला ने एक लाख रुपये का सोना चोरी कर लिया और गायब हो गई। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। घटना बीते 22 नवंबर की दोपहर 1:33 बजे की है।
क्या है पूरा मामला
कोपागंज कस्बा निवासी अकील की भरत मिलाप पर आभूषण की दुकान है। 22 नवंबर की दोपहर बुर्का पहने महिला दुकान में पहुंची और आभूषण देखने लगी। दुकानदार ने आभूषण से भरा ट्रे महिला के सामने रख दिया और दूसरा सामान निकालने लगा। इतने में मौका पाकर महिला ने एक लाख रुपये कीमत का सोने का आभूषण अपने बैग में रखकर वहां से निकल गई।
दुकानदार अकील ने महिला की पहचान या पता बताने वाले को 10 हजार रुपये इनाम देने की घोषणा की है। कोपागंज थाना प्रभारी निरीक्षक रविंद्र नाथ राय ने बताया कि इस मामले में दुकानदार ने अभी तक तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।