


मऊ। जिले के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में नागरिकों को परिवार रजिस्टर की नकल न मिल पाने से गंभीर दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायतों व नगर पालिका परिषदों में वर्ष 2018 से परिवार रजिस्टर सील होने के कारण नकल निर्गत नहीं हो पा रही है जिससे आमजन के कई जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
इसी समस्या को लेकर समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष खुर्शीद अहमद ख़ान ने जिलाधिकारी को संबोधित एक प्रार्थना पत्र दिया है। प्रार्थी ने बताया कि परिवार रजिस्टर उपलब्ध न होने से वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने, छात्र-छात्राओं के पढ़ाई से जुड़े कार्य, तथा सरकारी योजनाओं के लिए आवश्यक दस्तावेज पूरे करने में लोगों को कठिनाई हो रही है।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि वर्तमान में लागू एस.आई.आर. (SIR) व्यवस्था के तहत घोषणा पत्र के बिंदु संख्या 10 पर राज्य या स्थानीय प्राधिकारी द्वारा निर्गत परिवार रजिस्टर की नकल मांगी जाती है। लेकिन वर्ष 2018 से रजिस्टर सील होने के कारण यह दस्तावेज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे आम नागरिकों में भारी असुविधा व रोष है।
खुर्शीद अहमद ख़ान ने मांग की है कि परिवार रजिस्टर की नकल निर्गत करने से संबंधित उचित कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि जिले के हजारों लोगों को अपने जरूरी कार्य निपटाने में राहत मिल सके।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से अपील की है कि इस लंबित समस्या का जल्द समाधान किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके।
