#ग्रामीणों ने सांसद से कच्ची सड़क को पक्का कराने की लगाई गुहार#

मऊ। घोसी लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बरुहा केरमा महरू पुर और मुंगेसर के ग्रामीणों ने क्षेत्र की जर्जर सड़क को पक्का कराने की मांग सांसद से की है। ग्रामीणों ने एक लिखित प्रार्थना पत्र के माध्यम से बताया कि इन तीनों ग्राम सभाओं को जोड़ने वाला मात्र एक कच्चा रास्ता विगत 10 वर्षों से बदहाल स्थिति में पड़ा हुआ है। सड़क के बीचों-बीच खुला नाला होने के कारण आए दिन लोगों का एक्सीडेंट हो जाता है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहता है।
ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के दिनों में यह रास्ता कीचड़ और पानी से लबालब भर जाता है, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। आपात स्थिति में एम्बुलेंस व अन्य वाहन नहीं पहुंच पाते, जिससे बीमार और गर्भवती महिलाओं को भारी परेशानी उठानी पड़ती है। सड़क की कुल लंबाई लगभग 375 मीटर बताई गई है।
ग्रामीण आनंद यादव, अरविंद यादव और पंकज यादव सहित कई लोगों ने सांसद से जल्द से जल्द सड़क का पक्का निर्माण कराने की मांग की है, ताकि तीनों ग्राम सभाओं के लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके। ग्रामीणों ने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।