


आज़मगढ़ । मुबारकपुर थाना क्षेत्र के नैठी गांव में शनिवार की शाम लगभग 6 बजे एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को दहला दिया। सड़क किनारे टहल रही दो महिलाओं को एक युवक ने तेज रफ्तार और लापरवाही से बाइक चलाते हुए रौंद दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान चानमती (65 वर्ष), पत्नी मतई राम, और सावित्री देवी (55 वर्ष), पत्नी सुदर्शन राजभर, के रूप में हुई है। चानमती के चार बेटे-बेटियां हैं, जबकि सावित्री के दो बेटे और दो बेटियां हैं। हादसे के समय सावित्री का पति और पुत्र रोजी-रोटी के लिए मुंबई में थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, उसी गांव का लालू राम का पुत्र ज्वाला राम तेज रफ्तार में बाइक चला रहा था। उसने सड़क किनारे चल रही दोनों महिलाओं को टक्कर मार दी। चानमती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल सावित्री को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज शुरू होने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद आरोपी ज्वाला राम बाइक छोड़कर मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची, दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और तहरीर लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। गांव में इस घटना से मातम पसरा है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

