#तड़के एनकाउंटर में मारा गया दरिंदा, ढाई साल की बच्ची से किया था रेप#

24 घंटे के अंदर ही पुलिस ने मुठभेड़ में आरोपी को कर दिया ढेर
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में आलमबाग मेट्रो स्टेशन के नीचे परिवार के साथ सो रही ढाई साल की बच्ची को उठा ले जाकर एक वहशी दरिंदे ने मेट्रो की लिफ्ट के पास अपनी दरिंदगी का शिकार बना डाला। मां-पिता की नींद टूटी तो वे बदहवास होकर उसे खोजने लगे। इस दौरान बच्ची खून से लथपथ हालत में दर्द से कराहती मिली। उसे गंभीर हालत में केजीएमयू रेफर किया गया। वहीं पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी की पहचान करने के साथ तलाश शुरू कर दी है। करीब 24 घंटे के अंदर ही पुलिस ने शुक्रवार तड़के करीब पौने चार बजे हुई मुठभेड़ में आरोपी को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया। इंस्पेक्टर आलमबाग सुभाष चंद्र सरोज ने आरोपी दीपक वर्मा के मौत की पुष्टि की।

मूल रूप से उन्नाव निवासी परिवार लखनऊ में कबाड़ बीनता है। पिता के मुताबिक वह बुधवार रात मेट्रो स्टेशन के चबूतरे पर पत्नी और बच्ची के साथ सोए थे। तड़के करीब तीन बजे आंख खुली तो बच्ची पास में नहीं थी। खोजबीन शुरू की तो एक वृद्ध ने बताया वह मेट्रो स्टेशन की लिफ्ट के पास गलियारे में रो रही है। वहां बच्ची खून से लथपथ थी। निजी अंगों से रक्तस्राव हो रहा था। ई-रिक्शे से लोकबंधु अस्पताल पहुंचे। रक्तस्राव न रुकने पर बच्ची को केजीएमयू रेफर कर दिया गया।
आलमबाग कोतवाली में अज्ञात पर दुष्कर्म, पॉक्सो समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज हुआ। पुलिस ने कैमरों की तफ्तीश की तो एक संदिग्ध बच्ची को ले जाते दिखा। पुलिस की पांच टीमें गठित कर तलाश में जुट गईं। आलमबाग पुलिस को शुक्रवार तड़के करीब पौने चार बजे सीओ कैंट आफिस के पीछे गन्ना संस्थान रोड पर संदिग्ध युवक जाता दिखा। रोकने पर वह तेजी से भागा। घेराबंदी की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में आरोपी को दो गोलियां लगीं। आनन फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।