


निर्माता बोनी कपूर और अभिनेता अनिल कपूर-संजय कपूर की मां निर्मल कपूर का निधन हो गया है। आज शुक्रवार 02 मई को उन्होंने मुंबई के कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल में आखिरी सांस ली। वे दिग्गज निर्माता सुरिंदर कपूर की पत्नी थीं। निर्मल कपूर ने सितंबर 2024 में ही अपना 90वां जन्मदिन मनाया।

1995 में हुई थी शादी
पिछले कुछ महीनों से निर्मल कपूर की तबीयत ठीक नहीं थी। पिछले कुछ समय में उन्हें कई बार अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। उनकी उम्र 90 साल थी। निर्मल कपूर की शादी साल 1955 में सुरिंदर कपूर के साथ हुई। इनके तीन बेटे- बोनी कपूर, अनिल कपूर और संजय कपूर हैं और एक बेटी रीना कपूर हैं। निर्मल कपूर, सोनम कपूर, अर्जुन, जान्हवी और खुशी की दादी थीं।
जब बोनी कपूर ने लिखा, ‘हमें आपकी जरूरत है’
निर्मल कपूर ने बीते वर्ष ही अपने जीवन के 90 बसंत पूरे किए। इस मौके पर कपूर परिवार में भव्य आयोजन रखा गया था। बोनी कपूर ने सोशल मीडिया पर मां की पोस्ट शेयर कर लिखा था, ‘मम्मी जी 90वां जन्मदिन मुबारक हो। शतक लगाने में सिर्फ एक दशक और बाकी है। हमें आपकी जरूरत है। आपका यहां होना हमारे लिए जरूरी है। हमें आशीर्वाद देने के लिए, सुरक्षा करने के लिए और हमारा मार्गदर्शन करने के लिए’।
अनिल कपूर के घर पहुंचे बोनी कपूर, जान्हवी और शनाया
मां के निधन के बाद बोनी कपूर छोटे भाई अनिल कपूर के आवास पर पहुंच चुके हैं। जान्हवी कपूर भी अपने कथित बॉयफ्रेंड शिखर के साथ चाचा अनिल कपूर के घर पहुंच चुकी हैं। इसके अलावा शनाया कपूर भी वहां नजर आईं।
