#UPI से गलत खाते में भेजे 54 हजार रुपए:मऊ पुलिस ने वापस दिलाई रकम, डिजिटल लेनदेन में सावधानी बरतने की सलाह#

मऊ में साइबर पुलिस की तत्परता से दो लोगों को उनकी गलती से दूसरे खातों में भेजी गई राशि वापस मिल गई। पुलिस अधीक्षक इलामारन के निर्देश में चल रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।

पहला मामला थाना हलधरपुर क्षेत्र का है। यहां के निवासी आदर्श सिंह ने UPI से 50,000 रुपए गलती से किसी अन्य खाते में भेज दिए थे। थाना हलधरपुर की साइबर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूरी राशि को पीड़ित के खाते में वापस करा दिया।

दूसरा मामला सरायलखन्सी थाना क्षेत्र का है। भरतपुर पिपरीडीह निवासी अभयराज श्रीवास्तव ने UPI से 4,000 रुपए गलत खाते में भेज दिए थे। साइबर पुलिस टीम ने इस राशि को भी वापस करा दिया।

इस सफल कार्रवाई में हलधरपुर थाने से प्रभारी निरीक्षक जगदीश प्रसाद विश्वकर्मा, महिला उप निरीक्षक रिया सिंहा, कांस्टेबल नुपुर खरे, आरक्षी हर्षिकेश और महिला आरक्षी निधि की टीम शामिल थी। दोनों पीड़ितों ने पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि UPI लेनदेन में विशेष सावधानी बरतें। डिजिटल लेनदेन में थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ा नुकसान कर सकती है।