#एक्शन में वाराणसी के नए डीएम: कलेक्ट्रेट निरीक्षण में मिली गंदगी, फाइलों का रखरखाव ठीक न मिलने पर दो को नोटिस#



नवागत डीएम सत्येंद्र कुमार ने बुधवार को कलेक्ट्रेट के कार्यालयों का निरीक्षण किया। कई जगहों पर गंदगी मिलने पर नाराजगी जताई। जिला प्रोबेशन कार्यालय के शौचालय में भी गंदगी मिली। नल टूटा पड़ा था। नाजिर से कहा इसे तत्काल ठीक कराएं।

राजस्व अभिलेखागार में खतौनी की नकल समय से जारी न करने और रजिस्टर में सीरियल संख्या से आवेदन दर्ज न करने पर प्रभारी अधिकारी एसीएम-द्वितीय और पटल सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। कहा कि वर्ष वार फाइलों को रखा जाए और सफाई का विशेष ध्यान दिया जाए। सभी अधिकारी और पटल सहायक को समय से कार्यालय में पहुंचकर लंबित प्रकरणों के निस्तारण को कहा।
उन्होंने जूडिशियल व रेवन्यू रिकॉर्ड कीपर रूम, संयुक्त कार्यालय, नजारत, भूलेख और अभिलेखागार माल सहित कलेक्ट्रेट में कार्यालयों का निरीक्षण किया। अधिकारी और पटल सहायक को समय से कार्यालय पहुंचकर लंबित प्रकरणों का निस्तारण कराने का निर्देश दिया। इससे पहले डीएम ने जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनीं।
