#Gujarat Rain: गुजरात में भयंकर बारिश, 32 लोगों की मौत; रेस्क्यू में जुटी सेना; 10 Points में पढ़ें तबाही की कहानी#

अहमदाबाद। गुजरात के कई हिस्सों में लगातार भारी बारिश ने भीषण तबाही मचाई है। कई जगहों पर बड़े पैमाने पर बाढ़ की स्थिति भी बनी। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार हाल के दिनों में पूर्व-मध्य गुजरात में 105 प्रतिशत से अधिक बारिश हुई।

वहीं उत्तरी गुजरात में औसतन 87 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई। क्षेत्रवार बात करें तो कच्छ क्षेत्र में सबसे अधिक 177 प्रतिशत से अधिक वर्षा दर्ज की गई। इसके बाद सौराष्ट्र क्षेत्र में 124 प्रतिशत से अधिक और दक्षिण गुजरात क्षेत्र में 111 प्रतिशत से अधिक वर्षा दर्ज की गई।

अब तक क्या-क्या हुआ?

  • एएनआई की रिपोर्ट के अनुसार गुजरात में पिछले चार दिनों में बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 32 लोगों की मौत हो चुकी है।
  • बाढ़ की स्थिति की समीक्षा के लिए गुरुवार को मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल ने गांधीनगर के राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में एक उच्च स्तरीय बैठक की। पीएम मोदी ने भी मुख्यमंत्री से फोन पर बात की और स्थिति का जायजा लेते हुए केंद्र की ओर से हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
  • गुजरात के स्वास्थ्य मंत्री रुशिकेश पटेल ने एएनआई को बताया कि राज्य में बाढ़ के चलते अब तक 5,000 से अधिक लोगों का पुनर्वास किया गया है। वहीं, वडोदरा शहर में हुई भारी बारिश के बाद आई बाढ़ से बुधवार तक 12,000 से अधिक लोगों को बचाया गया है।
  • भारी बारिश से सबसे ज्यादा प्रभावित वडोदरा में स्थिति में थोड़ा सुधार हुआ, क्योंकि विश्वामित्री नदी के जलस्तर में कुछ कमी आई है। हालांकि, शहर के कई इलाके अभी भी जलमग्न हैं। विश्वामित्री नदी का पानी पूरे शहर में घुस गया है। भारी बारिश और अजवा बांध से पानी छोड़े जाने के कारण मंगलवार को सुबह विश्वामित्री नदी का जलस्तर 25 फुट के खतरे के निशान से ऊपर पहुंच गया था।
  • वडोदरा में कई जगह घरों में मगरमच्छ घुसने की भी खबरें आईं। एक घर से वन विभाग के कर्मचारियों का मगरमच्छ पकड़ते हुए वीडियो प्रसारित हो रहा है तो एक अन्य वीडियो में घर की छत पर बैठा मगरमच्छ नजर आ रहा है।
  • गुजरात में बाढ़ से यातायात भी काफी प्रभावित हुआ है। शुक्रवार को राज्य के सात नेशनल हाईवे, 66 स्टेट हाईवे समेत करीब साढ़े नौ सौ सड़कें बंद थीं। रेल यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ, जहां कई ट्रेनें रद की गई हैं।
  • इधर, आईएमडी की ओर से दिए गए एक अपडेट ने चिंता और बढ़ा दी है। मौसम विज्ञान विभाग ने एक बुलेटिन में कहा है कि गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र पर एक चक्रवात बन रहा है, जिसके शुक्रवार को अरब सागर के ऊपर उभरने और ओमान तट की ओर बढ़ने की उम्मीद जताई गई थी। पीटीआई के अनुसार मौसम कार्यालय ने कहा कि 1976 के बाद अगस्त में अरब सागर के ऊपर उठने वाला यह पहला चक्रवाती तूफान होगा।
  • गोंडल तालुका में एक दुखद घटना में उफनती कोलपारी नदी में एक कार के फंस जाने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। आईएएनएस के अनुसार वाहन के साथ पति-पत्नी और उनका छोटा बेटा उफनती नदी पर बने पुल को पार करते समय बह गए। घटना के 48 घंटे बाद शुक्रवार को बच्चे का शव मिला।
  • पति और पत्नी की पहचान जयराज राडिया (40) और सोनलबेन राडिया (39) के रूप में हुई, जिनका शव घटना के लगभग 10 घंटे बाद पुल से 200 फीट नीचे की ओर बरामद किया गया। उनके सात वर्षीय बेटे का शव 48 घंटे बाद दुर्घटना के प्रारंभिक स्थल से कई किलोमीटर दूर मिला। एजेंसी के अनुसार मृतक दंपति की तीन बेटियों ने अपने माता-पिता का अंतिम संस्कार किया।
  • राज्य में बाढ़ के लिए भारतीय सेना की छह टुकड़ियों ने बचाव अभियान शुरू कर दिया है। वहीं सूरत से 350 स्वच्छता कार्यकर्ताओं की एक अतिरिक्त टीम वडोदरा पहुंची, जो बाढ़ के बाद प्रभावित क्षेत्रों को साफ करने में जुटी हुई है। सूरत नगर निगम के प्रभारी कार्यकारी अभियंता महेश राठौड़ ने एएनआई को बताया कि वे लोग पिछले 2 दिनों से यहां काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि 350 सफाई कर्मचारी प्रभावित क्षेत्रों से गंदगी साफ करने में लगे हुए हैं।