#Ghaziabad Crime: 11वीं मंजिल से कूदकर महिला ने दी जान, 7 पेज का सुसाइड नोट बरामद; सलाखों के पीछे पहुंचा पति#

गाजियाबाद। राजनगर एक्सटेंशन स्थित केएम रेजीडेंसी सोसायटी में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे संदिग्ध परिस्थिति में 11वीं मंजिल से गिरकर महिला की मौत हो गई। पुलिस को सात पेज का एक सुसाइड नोट भी मिला है जिसमें महिला ने परेशान किए जाने का जिक्र किया है। महिला के पिता की शिकायत पर नंदग्राम थाने में ससुरालियों पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपित पति को हिरासत में ले लिया है।

मेरठ के परीक्षितगढ़ थानाक्षेत्र स्थित गांव मवी निवासी राजीव त्यागी के मुताबिक उन्होंने अपनी पुत्री आरती त्यागी की शादी जनवरी 2020 में मुरादनगर के गांव असालतनगर निवासी मयंक त्यागी के साथ की थी। मयंक दिल्ली के एक आटो शोरूम में काम करते हैं। उनकी पुत्री एमकाम किए हुए थी। एक वर्ष से आरती और मयंक राजनगर एक्सटेंशन की सोसायटी में किराए के फ्लैट में रह रहे थे।

महिला ने लगाया दहेज प्रताड़ना का आरोप

उनका कहना है कि शादी के बाद से ही उनकी पुत्री को दहेज के लिए परेशान किया जाता था। उसके साथ मारपीट भी की जाती थी। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे उनके समधी विनोद त्यागी ने फोन पर सूचना दी कि आप लोग जल्दी से राजनगर एक्सटेंशन आ जाओ। जब वह सोसायटी पहुंचे तो पता चला कि उनकी पुत्री आरती त्यागी (32 वर्ष) की मृत्यु हो गई है।

ससुर बोले- स्टूल लगाकर काम करते देखा

राजीव त्यागी ने आरोप लगाया है कि उनके दामाद मयंक त्यागी और उसके माता-पिता ने आरती को जान से मारा है। उन्होंने नंदग्राम थाने में आरोपितों पर मुकदमा दर्ज कराया है। महिला के चचिया ससुर संजय त्यागी का कहना है कि सुबह सोसायटी की एक महिला ने आरती को बालकनी में स्टूल पर चढ़कर एसी की यूनिट के पास कुछ काम करते हुए देखा था, लेकिन गिरते हुए किसी ने नहीं देखा।