#कोर्ट में पति ने लांघी मर्यादाएं: युवक की हरकत पर जज ने डांटकर बाहर निकाला, बाहर भी पत्नी संग किया ऐसा बर्ताव#



हरियाणा के पलवल में तलाक के मुकदमे की सुनवाई के दौरान ही पति ने पत्नी के साथ गाली-गलौज कर धमकी दी। अदालत ने आरोपी को कोर्ट रूम से बाहर निकाला तो आरोपियों ने पार्किंग में पत्नी के साथ मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। कैंप थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी पति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है।

जांच अधिकारी सुखबीर के अनुसार, गीता कॉलोनी निवासी श्वेता जैन ने शिकायत दर्ज कराई है कि उसके पति ईवान जैन से उसका तलाक का मुकदमा चल रहा है। अदालत में पेशी के दौरान वह और उसका पति ईवान कोर्ट रूम में मौजूद थे। इसी दौरान ईवान ने उससे बुरा-भला कहते हुए चरित्र पर सवाल उठाकर बेइज्जत किया।
जज ने आरोपियों को डांटकर कोर्ट रूम से बाहर निकाला तो बाहर निकलने पर जान से मारने की धमकी दी। आरोपी के डर से उसने अपनी शिकायत वापस ले ली और बाहर आ गई। जैसे ही वह पार्किंग में पहुंची तो आरोपियों ने उसे धक्का देकर नीचे गिरा दिया। इसके बाद गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
