#खैरथल में शादी समारोह में खूनी संघर्ष, घटना में एक दर्जन लोग घायल, कई हिरासत में लिए गए#

राजस्थान में अलवर जिले के खैरथल में शादी समारोह में महिलाओं से छेड़छाड़ की बात को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। जिसके बाद एक पक्ष के बदमाशों ने लाठियों व कुल्हाड़ी से दूसरे पक्ष पर हमला कर दिया। हमले में एक दर्जन लोग घायल हो गए। घटना खैरथल में ततारपुर चौराहे के पास शुक्रवार सुबह चार बजे की है।

गांव में जलसिंह की दो पुत्रियों की गुरूवार को शादी थी। बारात पास के ही गांव से आई थी। इस दौरान वधु पक्ष के कुछ युवकों ने बाराम में आई महिलाओं के साथ छेड़छाड़ की। जिसका विरोध करने पर युवकों ने लाठियों व कुल्हाड़ी से बारात में आए लोगों पर हमला कर दिया। इस दौरान बदमाश हवा में हथियार लहरा रहे थे।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को पास के ही अस्पताल में भर्ती करवाया। घायलों में चार की हालत गंभीर होने पर अलवर के जिला अस्पताल में रेफर किया गया है। पुलिस थाना अधिकारी अंकेश ने बताया कि इस मामले में आधा दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है।