#Aligarh Crime News: दुकानदार की गोली मारकर हत्या, गुस्साए लोगों ने सड़क पर शव रखकर जाम किया जीटी रोड, पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी#

सुरेंद्र नगर कालोनी में बुजुर्ग दुकानदार को गोली मारकर हत्या के बाद रविवार सुबह लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। अक्रोषित लोगों ने पहले घर के बाहर शव रखकर प्रदर्शन किया। इस दौरान आरोपितों को गिरफ्तारी, उन्हें फांसी देने, पीड़ित परिवार को मुआवजे की मांग की गई। इसके बाद लोग नौरंगाबाद जीटी रोड पर आ गए, यहां जाम लगा दिया। पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद के नारे लगाए। एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट व एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक लोगों को समझा रहे हैं।

बाइक सवारों ने मारी थी गोली
सुरेंद्र नगर इंद्रप्रस्थ कालोनी निवासी अशोक कुमार गुप्ता की घर में ही कन्फेक्शनरी की दुकान है। इस पर उनका दिव्यांग बेटा दीपू उर्फ मनीष बैठते हैं। दीपू के अनुसार घटना शनिवार रात करीब आठ बजे की है। वह लघुशंका करने के लिए गए थे। इसी बीच बाइक पर तीन आरोपित आए और पिता को गोली मारकर फरार हो गए। आरोपितों ने तीन फायर किए। इसमें एक गोली उनके पेट में लगी। अशोक दुकान के बाहर तक आए और लहूलुहान हालत में सीढ़ियों पर गिर गए। बेटे ने शोर मचाया तो आसपास के लोग इकट्ठा हो गए। कोल विधायक व एमएलसी भी आ गए। अशोक को विष्णुपुरी स्थित नर्सिंग होम में ले गए, जहां से मेडिकल कालेज रेफर कर दिया। यहां देर रात उनकी मृत्यु हो गई।

रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव आते ही स्वजन का गुस्सा भड़क गया। घर के बाहर शव रखकर जाम लगा दिया। करीब 45 मिनट बाद लोग शव को लेकर जीटी रोड पर आ गए। यहां जमकर प्रदर्शन किया।

हार्न बजाने को लेकर युवक को टोका था
पुलिस की जांच में सामने आया है कि घटना से कुछ देर पहले दीपू अपने मौसेरे भाई भवतोष के साथ खड़े थे। तभी बुलेट पर एक युवक तेज हार्न बजाते हुए निकला। इस पर भवतोष ने उसे टोकते हुए कह दिया कि चालान कटवाना है क्या? इसी बात पर हल्की कहासुनी हुई और वह चला गया। भवतोष भी अपने घर चले गए। कुछ देर बाद बुलेट सवार युवक अन्य युवकों को लेकर पैशन बाइक से आया। चूंकि भवतोष ने चश्मा पहन रखा था तो आरोपित ने पूछा कि चश्मा वाला कहां है? उनके न मिलने पर सिगरेट खरीदी। जब तक पैसे मांगते, इससे पहले ही गोली मार दी और फरार हो गए।

विधायक के घर के पास घटना, सुरक्षा पर सवाल
यह घटना कोल विधायक अनिल पाराशर के घर वाली गली के बाहर हुई। इसी के पास एमएलसी डा. मानवेंद्र सिंह भी रहते हैं। ऐसे में लोगों ने सुरक्षा पर सवाल उठाया। कहा कि यहां असमाजिक तत्व घूमते रहते हैं, जिनकी तरफ ध्यान देने वाला कोई नहीं है। लोगों ने यहां पुलिस गश्त बढ़ने की मांग की है।