#सीने में दर्द, मुंह से झाग फिर शरीर पड़ा नीला… डिलीवरी के कुछ घंटों बाद महिला की मौत से अस्पताल पर उठ रहे सवाल#

रोहिणी सेक्टर-24 स्थित निजी अस्पताल में डिलीवरी के कुछ घंटे बाद एक महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद से पूरे अस्पताल में हड़कंप मचा हुआ है।

घटना के बारे में बताते हुए महिला के रिश्तेदार ने कहा कि मृतका के मुंह से अचानक झाग निकलने लगे और 10 मिनट में मौत हो गई। इस पर परिवार ने चिकित्सक पर गलत इलाज करने का आरोप लगाया है और पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
गुरुग्राम में है महिला का ससुराल
जानकारी के अनुसार मृतका की पहचान आरती (30) के रूप में हुई है और उसका ससुराल गुरुग्राम में है। दिल्ली के शाहबाद दौलत में उसका मायका है।

आरती के भाई भारत भूषण व दीपक ने बताया कि मंगलवार सुबह 11 बजे सिजेरियन डिलीवरी हुई। कुछ घंटे बाद आरती ने छाती में दर्द की शिकायत की। चिकित्सकों ने इस बात को हल्के में लिया।

पहले हल्के में लिया फिर डॉक्टर ने बताया छाती में भर गया है पानी
रात आठ बजे जब ज्यादा तबीयत बिगड़ी तो चिकित्सक ने बताया कि छाती में पानी भर गया है, इसलिए दूसरे अस्पताल रेफर करना होगा। इसी दौरान आरती के मुंह से झाग निकलने लगे और शरीर नीला पड़ने लगा। 10 मिनट के भीतर आरती की मौत हो गई।

स्वजन ने बताया कि चिकित्सकों की लापरवाही के कारण आरती की मौत हुई है। इस बारे में बेगमपुर थाना पुलिस को शिकायत दी है। शव को अंबेडकर अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिया है।