भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह की हालत में थोड़ा सुधार, पीएम नरेंद्र मोदी के बेहतर देखभाल के निर्देश

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह की तबीयत में आंशिक सुधार हो रहा है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री तथा राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह को शनिवार देर रात लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में भर्ती कराया गया था, जहां से हालत गंभीर होने के बाद रविवार को शाम संजय गांधी पीजीआइ में शिफ्ट किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को उनके स्वास्थ्य का हालचाल लिया। इसके बाद उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फोन पर वार्ता कर उनकी बेहतर देखभाल का निर्देश भी दिया।

संजय गांधी पीजीआइ में रविवार शाम को भर्ती कराए गए कल्याण सिंह का इलाज संस्थान के निदेशक प्रोफेसर आरके धीमन की देखरेख में उनकी टीम कर रही है। सोमवार को कल्याण सिंह के स्वास्थ्य में थोड़ा सुधार हुआ है। अब वह थोड़ा बहुत बोल ले रहे हैं। शनिवार देर रात भर्ती होने के बाद से रविवार रात तक वह कुछ भी बोल नहीं पा रहे थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के सांसद पुत्र राजवीर सिंह को फोन किया। पीएम मोदी ने कल्याण सिंह का हालचाल जाना। पीएम ने एटा से भाजपा सांसद राजवीर सिंह से कल्याण सिंह के स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। इसके बाद पीएम मोदी ने सीएम योगी आदित्यनाथ को भी फोन किया। उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ को कल्याण सिंह की बेहतर देखभाल के निर्देश दिए।

इससे पहले पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को स्थिति गंभीर होने के बाद रविवार की शाम संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआइ) में भर्ती करा दिया गया है। पांच विभागाध्यक्षों की निगरानी में उन्हें क्रिटिकल केयर मेडिसिन (सीसीएम) में रखा गया है। एसजीपीजीआइ के निदेशक प्रो. डा. आरके धीमन ने बताया कि कल्याण सिंह की तबीयत स्थिर है। उन्हें सीसीएम में रखा गया है। उनकी सेहत की निगरानी के लिए सीसीएम के विभागाध्यक्ष प्रो.डा. बनानी प्रसाद, न्यूरोलॉजी के विभागाध्यक्ष डा.सुनील प्रधान, एंडोक्राइनोलाजी के विभागाध्यक्ष डा. ईश भाटिया, नेफ्रोलाजी के विभागाध्यक्ष डा. प्रो.नारायण प्रसाद, व कार्डियोलाजी के प्रो.डा. पीके गोयल की टीम बनाई गई है।

संजय गांधी पीजीआइ शिफ्ट कराए जाने से पहले सुबह से शाम तक गोमती नगर स्थित लोहिया संस्थान जाकर सीएम योगी आदित्यनाथ, डिप्टी सीएम केशव मौर्य, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, चिकित्सा एवं शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने उनका हालचाल जाना था।