#कानपुर देहात में शादी से इनकार करने पर प्रेमी युगल ने फांसी का फंदा लगाकर दी जान#

घर से भागे प्रेमी युगल ने मूसानगर में सराय के जंगल के पास पेड़ पर फंदा लगाकर जान दे दी। पुलिस ने छानबीन की। किशोरी की गुमशुदगी भोगनीपुर थाने में बुधवार को दर्ज हुई थी। दोनों दूर के रिश्तेदार लगते थे।

भोगनीपुर गौर गांव के किसान काजू की 14 वर्षीय पुत्री रोली बुधवार को लापता हो गई थी। उन्हें दूर के रिश्तेदार औरैया कंचौसी लिछयामऊ के 18 वर्षीय छोटू पर शक था। पता किया तो वह भी घर पर नहीं था। इसके बाद उन्होंने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई व छोटू पर शक जताया। पुलिस तलाश कर रही थी। वहीं दोनों ने सराय के जंगल में बबूल के पेड़ पर गमछे के अलग अलग फंदे पर लटककर जान दे दी। तड़के एक ग्रामीण ने देखा तो पता चल सका।

कुछ देर के प्रयास के बाद शिनाख्त हो सकी। दोनों परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सीओ भोगनीपुर रविकांत ने बताया कि शादी करने की मंशा दोनों की थी लेकिन परिवार विरोध करता था, उम्र भी कम थी, इसी के चलते जान दे दी है। परिवार ने भी यही बात बताई है।