#अश्लील गाना बजाने को लेकर हुआ विवाद, आरोपी ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां; एक की मौत व तीन घायल#

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में अश्लील गाना बजाने को लेकर बुधवार सुबह विवाद हो गया, विवाद इतना बढ़ गया कि गोली चल गई। जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि तीन लोग गोली लगने के कारण घायल हो गए। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
मामला गोरखपुर के बड़हलगंज के रूदौली गांव का है। घायलों का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बड़हलगंज में चल रहा है। आरोपितों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

अश्लील गाना बजाने को लेकर हुआ विवाद
बता दें दवनाडीह निवासी सुनील यादव मंगलवार की रात में टैक्ट्रर ट्राली से मिट्टी गिरा रहा था। सड़क किनारे स्थित गांव के राजकिशोर के घर के पास वह ट्रैक्टर से अश्लील गाना बजा रहा था। रात में अश्लील गाना बजाने को लेकर राजकिशोर ने मना किया तो आरोपित मारपीट पर उतारू हो गया। गांव के लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत किया।

आरोप है कि बुधवार की सुबह सुनील अपने छह सहयोगियों के साथ बोलेरो से राजकिशोर के घर आया और वे लोग दरवाजे पर चढ़कर गाली देते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरु कर दी जिसमें राजकिशोर अरविंद, सूर्यप्रकाश और सुबास घायल हो गये। अस्पताल ले जाते समय राजकिशोर की मृत्यु हो गई। एसपी साऊथ अरुण कुमार सिंह ने बताया आरोपितों की तलाश चल रही है। पूछताछ के लिए कई लोगों को हिरासत में लिया गया है।