#शाहजहांपुर में पुलिस पर हमला: महिलाओं ने किया पथराव, दरोगा-सिपाही को दांतों से काटा; आरोपी छुड़ाया#

शाहजहांपुर के खुटार क्षेत्र में गैर जमानती वारंट के आधार पर अवैध शराब बनाने के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर महिलाओं ने हमला कर दिया। महिलाओं ने आरोपी को छुड़ा लिया। इस दौरान पुलिस टीम पर पथराव भी किया गया। महिलाओं ने एक दरोगा और सिपाही को दांतों से काट कर घायल कर दिया है। दरोगा ने नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है।
खुटार थाने से दरोगा रामायण सिंह, सिपाही जुबैर बेग और रामनरेश को लेकर गैर जमानंती वारंट के आधार पर गांव मैनिया निवासी रोशन सिंह को पकड़ने गए थे। रोशन सिंह को वर्ष 2021 में अवैध शराब बनाते हुए उपकरणों सहित पकड़ा गया था। मामला न्यायालय में विचाराधीन है। रोशन सिंह के कोर्ट नहीं जाने पर गैर जमानती वारंट जारी किया गया था। 8-10 लोगों ने किया हमला
पुलिस ने रोशन सिंह को पकड़ा तो उसने शोर मचाकर परिजनों को बुला लिया। रोशन सिंह की पत्नी परमजीत कौर उर्फ प्रेमा, पुत्री रमनदीप कौर और जीत सिंह की पुत्री कुलविंदर कौर, जसविंदर कौर, कश्मीर सिंह की पत्नी परमजीत कौर, भगवान सिंह सहित आठ से दस लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। पथराव कर रोशन सिंह को छुड़ा लिया।
रमनदीप कौर ने दरोगा रामायण सिंह और परमजीत कौर ने जुबैर बेग को दांतों से काट कर घायल कर दिया। दरोगा की ओर से आरोपियों के खिलाफ कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। तीन महिलाओं और एक पुरुष को पकड़ा गया है। पूछताछ चल रही है। अन्य आरोपी भी जल्द ही पकड़े जाएंगे।