#बेटे ने पिता पर किया कुल्हाड़ी से हमला, चरित्र पर करता था शक; हालत गंभीर#

पूरामुफ्ती क्षेत्र के बेगमपुर गांव में बुधवार की रात पिता के चरित्र पर शक करके युवक ने कुल्हाड़ी से हमला करके पिता को घायल कर दिया। बीच बचाव करने पहुंचे ग्राम प्रधान प्रतिनिधि भी घायल हुए। ग्रामीणों के ललकारने पर युवक भाग निकला। घायलों को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया है।

बेगमपुर गांव निवासी अमरनाथ पुत्र भगवानदीन ट्रैक्टर चालक थे। उनका बड़ा बेटा बृजेश कुमार एक ईंट भट्टे पर ट्रैक्टर और छोटा बेटा सुरेंद्र कुमार पिकअप चालाते हैं। स्वजनों के मुताबिक, सुरेंद्र कुमार पिता के चरित्र पर शक करता था।

पिता से विवाद पर किया हमला
आरोप है कि बुधवार की रात करीब आठ बजे वह घर लौटा और किसी बात को लेकर पिता से विवाद करने लगा। बात बढ़ी तो पिता के ऊपर कुल्हाड़ी से हमला बोल दिया। उसने पिता के ऊपर कई बार कुल्हाड़ी से वार किया। बीच बचाव करने पहुंचे ग्राम प्रधान कमला देवी के बेटे सुधीर कुमार सिंगरौर भी घायल हो गए।

आसपास रहे लोगों के ललकारने पर हमलावर धमकी देते हुए भाग निकला। लोगों ने घायलों को प्रयागराज के स्वरूप रानी कमला नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया। स्वजनों के मुताबिक, अमर नाथ की हालत गंभीर स्थिति में बनी हुई है। घटना की जानकारी होने पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।