#तेज धूप और उमस भरी गर्मी से बेहाल रहे लोग, जानिए सूरज की तपिश से कब मिलेगी राहत#

भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। शुक्रवार की तुलना में रविवार को दिन और रात के तापमान में गिरावट आने के बावजूद लोगों को गर्मी से कोई खास राहत नहीं मिली। सुबह से लेकर रात तक लोग गर्मी की वजह से परेशान रहे। दोपहर में लोग जरूरी काम होने पर ही बाहर निकल रहे हैं। हालांकि, मौसम का पूर्वानुमान इस गर्मी से राहत का संकेत दे रहा है।
शनिवार सुबह से ही सूरज ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए। दिन चढ़ने के साथ सूरज की तपिश के साथ उमस और बढ़ती गई। इसकी वजह से सड़क से लेकर घर व दफ्तर में इसका असर नजर आया। एक तरफ आसमान से बरस रही आग से बचने के लिए काफी संख्या में लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। जरूरी काम होने पर ही लोग घर से बाहर निकले। जो मजबूरी में निकले वह भी धूप से बचने के लिए जतन करते दिखे। हालांकि, तीन दिन बाद शनिवार को अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से नीचे आया। शुक्रवार को जहां अधिकतम तापमान 42.7 डिग्री था, वहीं शनिवार को अधिकतम तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस रहा जो कि सामान्य तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस से 5.4 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। तपिश और गर्म हवा के चलते शहर में प्रमुख सड़कों कर दोपहर में आवाजाही कम दिखी।

चार दिन मौसम में नरमी के साथ बूंदा-बांदी की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार शनिवार से पांच दिन 14 जून तक तापमान में नरमी की संभावना है। आठ जून को पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में एक हल्का पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। 10 जून से 12 जून तक पूर्वी यूपी में उसका असर देखने को मिलेगा। इस दौरान हल्के बादल छाने से लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। कहीं-कहीं बूंदा-बांदी की भी संभावना है।