#बंधक बनाए गए भाई-बहन को छुड़ाने गई पुलिस टीम पर हमला, सिपाही घायल; बाकियों ने भागकर बचाई जान#

मझौलिया थाना क्षेत्र के रामनगर बनकट गांव में शुक्रवार की रात बहन के घर आए युवक को बंधक बनाने की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। इस घटना में मझौलिया थाने में पदस्थापित बीएमपी के सिपाही दशरथ राम घायल हो गए।
पत्थरबाजी में उनके सिर पर चोट लगी है। जख्मी सिपाही का इलाज गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में हो रहा है। हमले में पुलिस थाने की जीप का शीशा भी टूट गया है।

महिला समेत 6 गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने एक महिला सहित 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। उनसे पूछताछ की जा रही है। काफी मशक्कत के बाद देर रात युवक को मुक्त कराया गया।

बहन की ससुराल वालों ने बनाया बंधक
साठी थाना क्षेत्र के बहुअरवा निवासी अभय गिरी ने बताया कि उसे सूचना मिली थी कि उसकी बहन के साथ बहनोई मारपीट कर रहा है। सूचना पर वह शुक्रवार की देर शाम अपने बहनोई रामनगर बनकट निवासी अर्जुन गिरी के घर पहुंचा।

वहां जाने के बाद पूछताछ के दौरान उसकी बहनोई से तू-तू, मैं-मैं के बाद हाथापाई होने लगी। तब बहन के ससुराल वालों ने उसे व उसकी बहन को कमरे में बंद कर दिया।

सूचना पर पुलिस टीम उन्हें मुक्त कराने मौके पर पहुंची और दोनों को निकाल कर थाने ला रही थी। इसी दौरान आसपास के लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। वो लोग पुलिस की गाड़ी पर बैठी उसकी बहन को जबरन उतारने लगे। विरोध करने पर लोग पथराव करने लगे। घटना में सिपाही दशरथ मांझी का सिर फट गया।

जान बचाकर भागे पुलिस वाले
हमलावारों ने पुलिस जीप को भी नुकसान पहुंचाया। अचानक पुलिस टीम पर हमला से पुलिस जवानों ने इधर- उधर भागकर जान बचाया। घायल सिपाही को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने उसकी स्थिति गंभीर देख बेतिया रेफर कर दिया।

करीब एक घंटे बाद में दल बल के साथ वहां पुलिस पहुंची और एक महिला सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

थानाध्यक्ष अभय कुमार ने बताया इस पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कार्रवाई की जा रही है।