बाढ़ के पानी से घिरे सगड़ी तहसील के आठ गांव

लाटघाट। सगड़ी तहसील के देवरांचल से होकर गुजरने वाली घाघरा नदी में बैराजों से छोड़ा गया पानी अब देवारावासियों की मुसीबत का सबब बन गया है। नदी का जलस्तर दोनों ही गेजों पर खतरा बिंदू से ऊपर बना हुआ है।क्षेत्र के आठ गांव बाढ़ के पानी से घिर गए हैं। कई गांवों के रास्तों पर पानी चढ़ गया है जिसके कारण आवागमन के लिए नाव सहारा लेना पड़ रहा है।
सगड़ी तहसील क्षेत्र के उत्तर घाघरा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। इससे क्षेत्र के आठ गांव पूरी तरह से मैरुंड हो चुके हैं। जिसमें चक्की, देवारा खास राजा, बांका बूढ़नपट्टी, शाहडीह, अजगरा मगर्वी, अजगरा मसरकी ,सोनौरा, मानिकपुर यह गांव चारों तरफ से पानी से घिर चुके हैं। इससे 50000 की आबादी पूर्णरूप से प्रभावित हो रही है। संपर्क मार्ग सभी डूब चुके हैं। अभी तक नाव की कोई व्यवस्था नहीं हो पाई है। गांव में किसानों के धान व गन्ने की फसल पूर्ण रूप से बर्बाद हो गई है। 90 प्रतिशत गन्ने की फसल भी प्रभवित हो गई है। नदी के पानी के खेतों में लगने के कारण रवी फसल की बुवाई होना संभव नहीं है। गांगेपुर परसिया ग्राम सभा के 1052 घरों पर संकट मंडरा रहा है। कभी भी रिंग बांध टूट सकता है। टेकनपुर व हसनपुर रेगुलेटर से पानी का रिसाव हो रहा है। जिससे सैकड़ों एकड़ फसल पानी में डूब गई है। घाघरा नदी के जल स्तर का बढ़ने से दबाव बढ़ता जा रहा है। वहीं बाढ़ खंड विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का कहीं पता नहीं है। जिन गांवों में ग्रामीणों के पास नाव है वह लोग नाव से आवागमन कर रहे हैं। लेकिन जहां नाव की व्यवस्था नहीं है वहां लोग पानी के बीच से होकर गुजर रहे हैं।
जलस्तर
गेज शनिवार रविवार खतरा बिंदू
डिघिया 71.29 71.49 70.40
बदरहुआ 72.01 72.24 71.68