#देर रात गोलियों की तड़तड़ाहट से दहली झरिया, जमीन कारोबारी के घर को बनाया गया निशाना, जांच में जुटी पुलिस#

झरिया के शमशेर नगर में शनिवार की देर रात बीसीसीएल क्वार्टर में रहने वाले जमीन कारोबारी शाहिद बिहारी के घर पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग कर दहशत फैलाई। गोली शाहिद बिहारी के घर के गेट पर मारी गई है। इससे शाहिद के स्वजनों में भय व्याप्त है। उसने इसकी जानकारी झरिया थाना की पुलिस को दी। खबर मिलते ही पुलिस पहुंची और छानबीन की। इस दौरान दो खोखा बरामद किया है
देर रात घर पर चलीं गोलियां
रविवार की सुबह झरिया थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह दलबल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शाहिद व उसके स्वजन से मामले की जानकारी ली। शाहिद ने बताया कि शनिवार की रात अपनी पत्नी व दो बच्चों के साथ वह घर में सो रहा था। देर रात गोली चलने की आवाज सुनाई दी। बाहर निकल कर देखा तो घर के दरवाजे पर गोली के निशान थे। वही थोड़ी दूरी में घर के दीवार पर भी एक गोली का निशान बना हुआ था।
शाहिद ने इंस्‍टीट्यूट चलाने वाले आमिर पर लगाया आरोप
शाहिद ने बताया कि उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है। पास के रहने वाले इंस्टीट्यूट संचालक आमिर खान नामक युवक से चंदा को लेकर कुछ दिन पूर्व विवाद हुआ था। इस बात की शिकायत करने जब वह आमिर खान के बहनोई के यहां गया तो वहां आमिर खान भी पहुंच गया। धक्का-मुक्की करते हुए मारपीट करने लगा। आशंका है कि उसी ने दुश्मनी निकाल के लिए घर में गोली चलाई होगी।
शाहिद ने आमिर के खिलाफ झरिया थाने में की लिखित शिकायत
शाहिद ने आमिर के खिलाफ झरिया थाने में लिखित शिकायत की है। वही दूसरे पक्ष के आमिर खान ने पुलिस को बताया कि शाहिद बिहारी उनसे जबर्दस्ती रंगदारी मांगा करता था। एक माह पूर्व ही में सऊदी से झरिया लौटा था। शाहिद बार-बार पैसे की फिरौती मांगता करता था। उसने शाहिद के भाई शाकिर को भी इस बात की जानकारी दी थी।

आमिर ने अपने ऊपर लगे आरोपों से किया साफ इंकार
आमिर ने कहा, मेरे इंस्टीट्यूट में कई बच्चे पढ़ते थे जिसमें से कई बच्चों से मासिक शुल्क भी नहीं लिया जाता है। दो दिन पूर्व भी शाहिद इंस्टीट्यूट पहुंचकर मुझे धमकी दी थी। गोली चलाने की घटना में उसका कोई हाथ नहीं है। मुझे फंसाया जा रहा है। वहीं आमिर ने भी शाहिद के खिलाफ रंगदारी मांगने की लिखित शिकायत की है।

झरिया थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने कहा है, मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुंच कर जांच में जुट गई है। दो खोखा भी बरामद किया है। दोनों ओर से शिकायत मिली है। जांच चल रही है। जल्द ही मामले का उद्भेदन हो जाएगा।